देहरादून। विभिन्न जनहित और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन से मुलाकात कर तीन महत्वपूर्ण प्रकरणों में निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विकासनगर के बैरागीवाला क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने इस विवाद को जबरन सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा हरिद्वार में कथित रूप से स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों के मामले को भी एडीजी के समक्ष उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि पूर्व में की गई शिकायत के बाद पुलिस ने केवल सीमित कार्रवाई की, जबकि अवैध रूप से संचालित केंद्रों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जानी चाहिए थी। इस मामले में शिकायतकर्ताओं को कथित रूप से धमकियां मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक के दौरान लक्सर कोतवाली में तैनात एक पुलिस अधिकारी पर स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से तीनों मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में हेमा भंडारी, तरुण कौशिक, जमाल अख्तर एवं साकिर मुस्तकीम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
