चमोली जनपद के कर्णप्रयाग बाजार में सोमवार को मामूली कहासुनी के बाद निहंग यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। घटना में धारदार हथियार से हुए हमले में चार स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारी प्रकाश रावत के बीच कृष्णा पैलेस होटल के समीप किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य यात्रियों ने हमला कर दिया, जिससे कुल चार लोग घायल हो गए।

घायलों में एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून रेफर किया गया, जबकि अन्य तीन घायलों की स्थिति स्थिर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राजमार्ग पर यातायात पुनः सुचारू कर दिया गया।
चारधाम यात्रा को प्रभावित होने से बचाने के लिए संबंधित जनपदों से समन्वय स्थापित कर यातायात को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया। प्रशासन द्वारा मार्ग में फंसे यात्रियों के लिए पेयजल एवं खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी की गई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि चारधाम यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अफवाहों से बचने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील की है।
