रामनगर। रामनगर विधानसभा क्षेत्र के चोपड़ा गांव में मंगलवार शाम पानी लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद बर्तन बाघ की ओर फेंक दिया, जिससे उसकी जान बच गई। हमले में महिला घायल हो गई, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के अंतर्गत राजस्व ग्राम चोपड़ा निवासी उमा देवी (40), पत्नी भुवन चंद्र, मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे गंगा देवी और गीता देवी के साथ घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित जल स्रोत पर पानी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उमा देवी पर हमला कर दिया। बाघ ने गंगा देवी पर भी झपटने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं की चीख-पुकार और साहसिक प्रयासों के चलते वह जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद तीनों महिलाएं घबराई हुई गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। घायल उमा देवी को ग्रामीणों और वन विभाग की मदद से रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। बाघ के हमले में उनकी गर्दन के पीछे गंभीर घाव हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग के एसडीओ अंकित बडोला और कोटा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी संजीव आर्या टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल तथा सांवल्दे जिला पंचायत सदस्य दीप चन्द्र आर्य ने वन विभाग से हमलावर बाघ को पकड़ने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरे व ट्रैप कैमरे लगाने की मांग की।
दीप चन्द्र आर्य ने कहा कि बाघ को पहले भी भलौन और पाटकोट क्षेत्र के नालों में देखा गया था, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घटनास्थल पर पगमार्क की जांच की जाएगी और आसपास ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों से अकेले जंगल या जल स्रोतों की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
