कर्णप्रयाग तलवारबाजी कांड: 4 निहंग यात्री गिरफ्तार, 3 जेल भेजे गए | चमोली पुलिस
Latest अपराध

कर्णप्रयाग तलवारबाजी कांड: 4 निहंग यात्री गिरफ्तार, 3 जेल भेजे गए | चमोली पुलिस

कर्णप्रयाग/चमोली। कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय व्यापारियों और हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चार निहंग यात्रियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से तीन को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी उपचाराधीन होने के कारण पुलिस निगरानी में है।
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप स्थानीय व्यापारियों और हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल बैरियर लगाकर कार्रवाई शुरू की और तीन आरोपियों को मौके के आसपास से गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी को अगले दिन कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मोहाली और एसएएस नगर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चार तलवारें और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिनका उपयोग घटना में किया गया था।
स्थिति को देखते हुए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक कंपनी आईटीबीपी और पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। वहीं पुलिस लगातार पैदल गश्त और निगरानी अभियान चला रही है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चमोली पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
इधर ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में चमोली पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस ने परविन्दर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह के पास हॉकी स्टिक मिलने तथा सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने के आरोप में पुलिस एक्ट के तहत चालान किया और भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *