हल्द्वानी समाचार: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य योग शिविर आयोजित
Latest देहरादून न्यूज

हल्द्वानी समाचार: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य योग शिविर आयोजित

हल्द्वानी, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के योग विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी, कुलसचिव खेमराज भट्ट, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षार्थी तथा स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

प्रातःकाल आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग दिवस संदेश के प्रसारण के साथ हुआ। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया, जिसका संचालन योग विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीता दियोलिया तथा शोधार्थी मनीषा रावत ने किया। कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी के नेतृत्व में उपस्थित प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर योग विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 22 मार्च से 21 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार को निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त 1 जून से 21 जून तक 21 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर अभियान भी संचालित किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड सहित देश के 10 से अधिक राज्यों में विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और योग साधकों के सहयोग से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

डॉ. जोशी ने बताया कि 14 जून 2026 को आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑनलाइन योग सत्र में भी विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और योग साधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो हेलो हल्द्वानी 91.2 एफएम के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों तक योग के लाभों की जानकारी पहुंचाई जा सकी।

स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशिका प्रोफेसर मंजरी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती आयु वर्गीय जनसंख्या के संदर्भ में योग स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे विश्व स्तर पर व्यापक पहचान मिली है। उन्होंने योग विभाग द्वारा आयोजित विविध कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपिका कुमार ने किया, जबकि अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध जीवन की दिशा में एक सतत अभियान है, जिसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य योग शिविर आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *