उत्तराखंड को 7 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं की मंजूरी, सीएम धामी–नितिन गडकरी बैठक में बड़ा फैसला
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड को 7 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं की मंजूरी, सीएम धामी–नितिन गडकरी बैठक में बड़ा फैसला

देहरादून। उत्तराखंड के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के बीच नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राज्य की लगभग 7 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर सहमति बनी, जिससे प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक में श्रीनगर, हरिद्वार, कोटद्वार सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने पर सहमति बनी। इसके अलावा सीमांत क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने के लिए भी कई अहम निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सीआरआईएफ (CRIF) के तहत करीब 750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग (NHO) के अंतर्गत पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि अर्धकुंभ 2027 से पहले हरिद्वार बाईपास और कोटद्वार बाईपास के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

इसके अलावा विभिन्न टनल, बाईपास और फोरलेन परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तराखंड के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी और राज्य का सड़क ढांचा पहले से अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *