देहरादून: मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ का धरना 42वें दिन, थाली बजाने और कैंडल मार्च का ऐलान
Latest देहरादून न्यूज

देहरादून: मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ का धरना 42वें दिन, थाली बजाने और कैंडल मार्च का ऐलान

देहरादून। मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड का एकता विहार स्थित अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 42वें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबे समय से लंबित और न्यायोचित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे संघ ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।

संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धरना स्थल पर सायं 6:00 बजे थाली बजाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कोरोना काल के दौरान देशभर में स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान में किए गए प्रतीकात्मक थाली बजाने के अभियान से प्रेरित है। संघ का कहना है कि इसी माध्यम से सरकार तक अपनी पीड़ा, समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही धरना स्थल पर कैंडल जलाकर लैब टेक्नीशियन संवर्ग के भविष्य पर छाए अनिश्चितता और अंधकार को दूर करने तथा सकारात्मक समाधान की उम्मीद का संदेश भी दिया जाएगा।

संघ का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहा है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। संगठन ने सरकार से जल्द उनकी न्यायोचित मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *