देहरादून। राजधानी देहरादून के कुआंवाला क्षेत्र में एक मालवाहक ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अभिनव त्यागी के नेतृत्व में दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
