हल्द्वानी: गौला पुल से नदी में कूदे 17 वर्षीय छात्र का 13 घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
Latest देहरादून न्यूज

हल्द्वानी: गौला पुल से नदी में कूदे 17 वर्षीय छात्र का 13 घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

हल्द्वानी के गौला पुल से नदी में कूदे 17 वर्षीय छात्र प्रियांशु बिष्ट का शव करीब 13 घंटे की कड़ी तलाश के बाद सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार, लालकुआं के बकुलिया गांव स्थित जगदंबा कॉलोनी निवासी प्रियांशु बिष्ट (17) रविवार को घर से पेंटिंग का सामान खरीदने की बात कहकर निकला था। वह पहले साइकिल से गोरापड़ाव पहुंचा, जहां साइकिल खड़ी करने के बाद टेंपो से हल्द्वानी आया। इसके बाद उसने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय गोताखोर, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने रविवार शाम से देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह अभियान दोबारा शुरू किया गया और करीब 7:12 बजे तटबंध के पास गहरे पानी से उसका शव बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियांशु घर में किसी बात से नाराज था। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि उसकी मां ने उसे मोबाइल फोन का अधिक इस्तेमाल न करने की सलाह दी थी। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

प्रियांशु स्थानीय इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था और अपनी उत्कृष्ट पेंटिंग कला के लिए जाना जाता था। विद्यालय स्तर पर वह कई बार पेंटिंग प्रतियोगिताओं में सम्मानित भी हो चुका था। उसके असमय निधन से परिवार, मित्रों और शिक्षकों में गहरा शोक है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *