नैनीताल: हाईकोर्ट के पास विशालकाय पेड़ गिरा, दो राहगीर घायल, SDRF ने किया सफल रेस्क्यू
Latest

नैनीताल: हाईकोर्ट के पास विशालकाय पेड़ गिरा, दो राहगीर घायल, SDRF ने किया सफल रेस्क्यू

नैनीताल हाईकोर्ट के समीप न्यू पैवेलियन होटल के पास गुरुवार रात एक विशालकाय पेड़ अचानक गिरने से दो राहगीर उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस और फायर सर्विस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।

एसडीआरएफ को यह सूचना आपदा प्रबंधन, नैनीताल से प्राप्त हुई कि हाईकोर्ट के पास पेड़ गिरने के कारण कुछ लोग उसके नीचे फंस गए हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पेड़ को हटाया और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया।

घटना में अब्दुल वाशिद्ध (58 वर्ष), पुत्र अब्दुल वाहिद तथा दीवान चंद्र आर्या (32 वर्ष), पुत्र मोहन राम घायल हुए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार बीडी पांडे चिकित्सालय में जारी है। फिलहाल दोनों की स्थिति सुरक्षित बताई गई है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और पुलिस-फायर सर्विस के समन्वित प्रयास से समय रहते रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *