धूमाकोट/पौड़ी गढ़वाल। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण भौन द्वारी मोटर मार्ग डाबर के समीप गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क का एक हिस्सा दरकने और धंसने से आवागमन प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार चैड़–चैनपुर के आगे इस मोटर मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क का निर्माण लगभग 15–16 वर्ष पूर्व किया गया था, लेकिन इसके बाद न तो डामरीकरण किया गया और न ही नियमित रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य हुआ। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर दरकने लगी है, जिससे खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय विधायक, लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय लापरवाही के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत, डामरीकरण और सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में यह मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूटने की आशंका है।
ग्रामीणों ने शासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, डामरीकरण और आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
