देहरादून: भारी बारिश से पुश्ता ढहा, चार-पांच मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
Latest देहरादून न्यूज

देहरादून: भारी बारिश से पुश्ता ढहा, चार-पांच मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

देहरादून। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार देर रात पठरिया पीर क्षेत्र की विजय कॉलोनी स्थित नई बस्ती में एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया। पुश्ते की दीवार नीचे बने चार से पांच मकानों पर गिरने से वे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम ने कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को मौके पर रवाना किया। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए तुरंत खोज एवं राहत अभियान चलाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्य तेज करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हादसे में विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय विमला देवी, पत्नी स्वर्गीय बृजेश, को हल्की चोटें आईं। उन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *