जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन सुरक्षा तथा सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती सहित सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और सुरक्षा में तैनात पुलिस बल नियमित रूप से सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण करता रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी भी दी।
स्वाति एस. भदौरिया ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और समय-समय पर उनके परीक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहनी चाहिए। साथ ही राजनीतिक दलों से बीएलए-2 की समय पर नियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना तथा भाजपा से राजेन्द्र सिंह राणा, कांग्रेस से भरत रावत और भाकपा से सुरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
