बनभूलपुरा में नालों पर चला बुलडोजर, 20 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त
Latest देहरादून न्यूज

बनभूलपुरा में नालों पर चला बुलडोजर, 20 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त

हल्द्वानी: मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम हल्द्वानी ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया।

प्रशासन के अनुसार नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा में आदेश का पालन नहीं होने पर संयुक्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान नालों और नालियों पर बने 20 से अधिक पक्के अवैध निर्माण हटाए गए। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी और मानसून के दौरान लोगों को राहत मिलेगी।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और सभी नालों एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त अभियान में जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *