देहरादून कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की उच्च एवं स्कूली शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत और भूगोल विषय शुरू करने, एमए की कक्षाएं संचालित करने तथा प्राचार्य की नियुक्ति किए जाने का आग्रह किया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में वर्तमान में संस्कृत और भूगोल विषयों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। साथ ही एमए की कक्षाएं भी संचालित नहीं हो रही हैं। इसके कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है या फिर कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में लंबे समय से प्राचार्य का पद रिक्त है, जिससे प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री से जल्द से जल्द नियमित प्राचार्य की नियुक्ति करने का अनुरोध किया।
राम सिंह कैड़ा ने राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के भवन निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण न होने के कारण छात्र-छात्राओं को अध्ययन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों के प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्राचार्य की नियुक्ति, नए विषयों की शुरुआत, एमए कक्षाओं का संचालन, रामगढ़ महाविद्यालय के भवन निर्माण और विभिन्न विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया।
