देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है और प्रत्येक अधिकारी जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए पूरी संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ शिकायतों का निस्तारण करें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप एवं आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को निर्देश दिए कि प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल हल किया जाए, जबकि उच्च स्तर के मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाए।
