पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चीला–पशुलोक मोटर मार्ग पर केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत बीन नदी पर लगभग ₹23.09 करोड़ की लागत से 150 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी सेतु का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया परियोजना की नियमित समीक्षा कर रही हैं और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उनके सतत अनुश्रवण और प्रभावी समन्वय के चलते निर्माण कार्य तय लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
निर्माण एजेंसी के अनुसार, दोनों एबटमेंट पर अधिकांश कंक्रीटिंग और सिंकिंग कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, दोनों पियर का निर्माण भी तेजी से जारी है। पियर-1 की कंक्रीटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि पियर-2 पर निर्माण कार्य अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है।

सेतु निर्माण पूरा होने के बाद चीला–पशुलोक मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने से पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
