कोटद्वार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
Latest देहरादून न्यूज

कोटद्वार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

कोटद्वार। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आबकारी विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आमपड़ाव, कोटद्वार क्षेत्र में शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग ने छापेमारी कर 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पाण्डेय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। प्रारंभिक जांच में ठोस जानकारी नहीं मिलने पर विभाग ने अपने स्तर पर सूचना एकत्रित की। इसके आधार पर 19 जुलाई को संदिग्ध के घर पर छापेमारी की गई, जहां से 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि इसके बाद 28 जुलाई को भी आमपड़ाव क्षेत्र में अन्य संदिग्धों के घरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है।

जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार जुलाई माह के दौरान जनपदभर में कुल 114 प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इस दौरान उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत 16 मुकदमे दर्ज किए गए तथा 227.77 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

विभाग ने खोलाचौरी, फिरोजपुर, सिम्बलचौड़, लालपुर, गवाणी, सतपुली मोटरमार्ग, कौड़िया चेकपोस्ट, आमपड़ाव, मेकड़ा, मझोला, चौखाल, मुसेटी, आगरखाल (खेडूड़ी), दूतिया और नौडखाल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए नियमित चेकिंग और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *