विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस | विधिक जागरूकता शिविर | मानव तस्करी रोकथाम | निःशुल्क विधिक सहायता
Latest देहरादून न्यूज

विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस | विधिक जागरूकता शिविर | मानव तस्करी रोकथाम | निःशुल्क विधिक सहायता

पौड़ी। विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला परिवीक्षा कार्यालय, पुलिस विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन सभागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के अधिकारों के संरक्षण तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी और जनजागरूकता से ही संभव है। उन्होंने पीड़ितों को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार ने मानव तस्करी के पीड़ितों के पुनर्वास, संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मानव तस्करी से जुड़ी आशंका की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश बलूनी ने मानव तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों, पीड़ितों के अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर के दौरान मानव तस्करी के कारणों, दुष्परिणामों, बचाव के उपायों और पीड़ितों के पुनर्वास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों को मानव तस्करी के उन्मूलन, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि, अधिकार मित्र, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *