गदरपुर में शहीद ऊधम सिंह को मुख्यमंत्री धामी की श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति और बलिदान से प्रेरणा लेने का किया आह्वान
Latest देहरादून न्यूज

गदरपुर में शहीद ऊधम सिंह को मुख्यमंत्री धामी की श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति और बलिदान से प्रेरणा लेने का किया आह्वान

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता, आस्था और पवित्रता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करता है, प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का अत्यंत दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया। उनका जीवन आज भी देशवासियों को साहस, आत्मसम्मान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना का संचार करता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं तथा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, विधायक शिव अरोरा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *