देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को जनपद देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई और मतदाता सत्यापन कार्य की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर प्रक्रिया को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-65 (प्राथमिक विद्यालय, दिलाराम बाजार) तथा रायपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-10 (प्राथमिक विद्यालय, डांडा खुदानेवाला) का दौरा किया। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट का उद्देश्य धरातल पर सामने आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि पूरे प्रदेश में मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और अन्य संबंधित अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले वह हरिद्वार जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर चुके हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगतियों वाले नोटिसों का बीएलओ आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर अपने स्तर पर ही निस्तारण करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, उनके मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए ईआरओ और एईआरओ स्तर पर नियमानुसार सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसआईआर प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सीईओ कार्यालय के अधिकारियों को भी विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को देहरादून और हरिद्वार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास को ऊधम सिंह नगर, टिहरी और उत्तरकाशी जनपदों की जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
