मुख्यमंत्री धामी ने पुरकुल में ₹17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने पुरकुल में ₹17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल में लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही राज्य को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी अलग पहचान रखती है। यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं, इसलिए सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण जारी है तथा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को सीआरएफ योजना के तहत मजबूत किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सहस्त्रधारा और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए सुरक्षा कार्य भी जारी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और दंगाइयों से सार्वजनिक व निजी संपत्ति के नुकसान की भरपाई कराने जैसे सख्त कानून लागू कर सुशासन को मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी कई पहल शुरू की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से हजारों युवा अपने ही गांव और शहर में रोजगार के अवसर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में राज्य ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *