मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की कौशल विकास एवं रोजगार योजनाओं की समीक्षा, प्रदेश को स्किल हब बनाने के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की कौशल विकास एवं रोजगार योजनाओं की समीक्षा, प्रदेश को स्किल हब बनाने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में कौशल विकास एवं रोजगार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार एवं प्लेसमेंट की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए। युवाओं की रुचि और स्थानीय रोजगार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास से जुड़े सभी विभाग एक प्लेटफॉर्म पर कार्य करें, जिससे युवाओं को योजनाओं और अवसरों का लाभ आसानी से मिल सके। प्रदेश को ‘स्किल हब’ बनाने के लिए सचिव, कौशल विकास को सेतु आयोग की राय लेते हुए सभी स्टेकहोल्डर्स को शामिल कर एक डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए।

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन श्री सी. रविशंकर ने बताया कि समग्र कौशल विकास के लिए स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा के सहयोग से उद्योगों के मानकों के अनुरूप आईटीआई को अपग्रेड किया जाना है। वर्तमान में प्रदेश में 119 आईटीआई क्रियाशील हैं, जबकि 90 आईटीआई को पोर्टल पर मैप किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान और अन्य आवश्यक दक्षताएं उपलब्ध कराने के लिए स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के माध्यम से तीन एजेंसियों से बातचीत की गई है।

वहीं, रोजगार प्रयाग पोर्टल पर निजी नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है। अब तक कुल 162 निजी नियोक्ताओं को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है।

बैठक में सेवायोजन विभाग के उच्चाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *