जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थित कार्मिकों से संवाद कर स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, कर वसूली, ई-ऑफिस तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण कर कार्मिकों की उपस्थिति की जानकारी ली और कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता एवं जवाबदेही पर जोर दिया।
डीएम ने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित कार्मिक सुबह ही फील्ड में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करें और सफाई कार्यों का नियमित निरीक्षण करें।

कर अनुभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं उससे पूर्व की लंबित कर वसूली की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवन स्वामियों ने भवन कर जमा नहीं किया है, उनकी सूची तैयार कर नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं और लंबित कर की वसूली सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निराश्रित श्वानों के लिए निर्माणाधीन डॉग पाउंड का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
