द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष रखा। कुल 107 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया।
बैठक में सबसे अधिक समस्याएं लोक निर्माण, पेयजल, शिक्षा और कृषि विभाग से संबंधित रहीं। ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में द्वारीखाल-बरसूड़ी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, आबाद खेतों में घेरबाड़, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाली के मरम्मतीकरण, द्वारीखाल-चेलूसैंण मोटर मार्ग पर गदेरे में पुल निर्माण और राशन कार्ड ऑनलाइन कराने जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। इसके अलावा सड़क, पेयजल, विद्युत और कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

ब्लॉक प्रमुख ने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान करने को कहा। संबंधित अधिकारियों ने सदन में उठाई गई समस्याओं पर की जा रही कार्रवाई और उनके निस्तारण की जानकारी भी दी।
बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
