September 13, 2026
मुख्यमंत्री धामी ने किया उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ, देहरादून में बनेगा राज्य स्तरीय विपणन केंद्र
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने किया उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ, देहरादून में बनेगा राज्य स्तरीय विपणन केंद्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ के अंतर्गत उद्यमशाला चौपाल–2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून के आईटी पार्क स्थित तेरह गांव में प्रदेश के सभी जनपदों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है। वहीं 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं को उद्यमिता एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश की 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं 70 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं और 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने में सफल रही हैं। पहाड़ी मसाले, मंडुवा, झंगोरा, दाल, शहद, अचार, जैम, हस्तशिल्प और ऊनी उत्पाद आज ग्रामीण महिलाओं की आय का मजबूत आधार बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अम्ब्रेला ब्रांड विकसित किया गया है। साथ ही ग्रामीण हाट, विपणन केंद्र, कलेक्शन सेंटर और एग्री सर्विस सेंटर जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत कर किसानों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता पलायन रोकने का भी प्रभावी माध्यम है। ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के जरिए अति निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़कर गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी 13 जिलों में आयोजित हो रही उद्यमशाला चौपालों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रचार वैन भी संचालित की जाएंगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी एवं महिला उद्यमियों को सम्मानित किया तथा उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पुस्तक, वार्षिक रिपोर्ट, कृषि क्लस्टर प्रशिक्षण मॉड्यूल, शिशु एवं लघु बाल आहार मॉड्यूल तथा एनीमिया रोकथाम एवं प्रबंधन मॉड्यूल का लोकार्पण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *