September 11, 2026
बिथ्याणी राजकीय महाविद्यालय में उद्यमिता कार्यशाला, विद्यार्थियों को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी
Latest देहरादून न्यूज

बिथ्याणी राजकीय महाविद्यालय में उद्यमिता कार्यशाला, विद्यार्थियों को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी

पौड़ी गढ़वाल: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा सोमवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।

जिलाधिकारी के पूर्व निर्देशों के क्रम में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, अंकित सिंह एवं आकांक्षा गुसाईं ने विद्यार्थियों को उद्यम स्थापित करने की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने पंजीकरण, आवश्यक कौशल, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण, सरकारी अनुदान तथा स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने भविष्य के निर्माण में करें और नौकरी की तलाश के साथ-साथ स्वयं उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ें।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए उद्यमिता एक सशक्त विकल्प बनकर उभर रही है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार, आत्मविश्वास और व्यावहारिक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला में डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. हिमानी बड़ोनी, आशुतोष जगूड़ी, शैलेंद्र बिष्ट सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *