September 11, 2026
मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

Oplus_16908288

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न जनसमस्याओं के साथ ही क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे और सुझाव रखे।मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सहायता का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता के निर्देश

जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग श्री कुलदीप की समस्या भी सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ ट्राईसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से की मुलाकात

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखण्ड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति और हरिद्वार के विभिन्न शिष्टमंडलों एवं प्रतिनिधिमंडलों से भी भेंट की।

प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगों, समस्याओं और सुझावों को रखा। मुख्यमंत्री ने संबंधित विषयों पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

इस अवसर पर विधायक महंत श्री दिलीप रावत, श्री किशोर उपाध्याय, श्री अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर श्री आनन्द स्वरूप, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, श्री जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *