September 11, 2026
सीएम धामी ने माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत को किया सम्मानित |
Latest देहरादून न्यूज

सीएम धामी ने माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत को किया सम्मानित |

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने शिष्टाचार भेंट की।

मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक है। दोनों बच्चों ने अपनी सफलता से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है और प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

रियांश पंत (9 वर्ष) अल्मोड़ा जिले के चीनाखान के निवासी हैं, जबकि प्रिशा रावत (10 वर्ष) नैनीताल जनपद के बैलपड़ाव की रहने वाली हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को समुद्र तल से 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल एवं अन्य साहसिक गतिविधियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *