September 11, 2026
पौड़ी: CDO अशोक जोशी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, जिला योजना की प्रगति की समीक्षा
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी: CDO अशोक जोशी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, जिला योजना की प्रगति की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल: विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

CDO अशोक जोशी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को लंबित टेंडर प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2026 तक जिला योजना में अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 35 प्रतिशत, राज्य सेक्टर में 46 प्रतिशत तथा केंद्र पोषित योजनाओं में 84 प्रतिशत व्यय दर्ज किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने उपलब्ध बजट के अनुरूप व्यय की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा CM हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में परियोजना निदेशक DRDA विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *