September 11, 2026
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण
Latest देहरादून न्यूज

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रोड़ी-बेलवाला, हरकी पैड़ी, ऋषिकुल, रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप और सीसीआर-2 भवन सहित कई परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सड़क, पुल, घाट, पैदल मार्ग, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा, थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में उन्होंने UIIDB की प्रशासनिक मार्ग परियोजना और हरकी पैड़ी पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही निर्देश दिए कि परियोजनाओं की पांच वर्ष की अनुबंध अवधि समाप्त होने के बाद परिसंपत्तियों के स्थायी रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपने की व्यवस्था अभी से तैयार की जाए।

मुख्य सचिव ने हाथीपुल से अलकनंदा तक घाटों के पुनर्निर्माण कार्य, ऋषिकुल क्षेत्र में सड़क नवीनीकरण, शिवमूर्ति चौक से विल्केश्वर तक फुटपाथ विकास, रोशनाबाद ड्रग वेयरहाउस, दक्षद्वीप में 60 मीटर स्पान पुल तथा सीसीआर-2 भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग, बेहतर पैदल मार्ग, हरियाली विकास और आवश्यकतानुसार दिन-रात कार्य कर परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन एवं मशीनरी उपलब्ध कराने, संभावित भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से प्रभावित पार्किंग स्थलों के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और उनकी बहुस्तरीय गुणवत्ता निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *