मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत राज्यभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के केंद्र, गैस वितरण केंद्र, राशन की दुकानें, धार्मिक स्थल और गंगा तट सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध, पुल, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्रों पर भी कार्यक्रम होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के तहत शैक्षणिक संस्थानों में विकसित भारत 2047 और देश की उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के माध्यम से देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का विद्यालयों में मंचन किया जाएगा।
‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से कार्यक्रम होंगे। इनमें मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित जानकारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा : मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को हर जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।
