देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखण्ड?’ विषय पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सुझाव लेने के बाद अब 18 सितंबर को मुख्यमंत्री 140 चयनित छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस संवाद में शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी शामिल होंगे। संवाद से पहले अधिकारी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटी, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण तथा महिला एवं बाल विकास जैसे विषयों पर विद्यार्थियों के सुझाव सुनेंगे और उनके महत्वपूर्ण विचार मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।
इस अभियान में प्रदेश के लगभग 3 लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा गया, जिनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव दर्ज किए। विशेषज्ञ टीम ने इनमें से 140 श्रेष्ठ और सार्थक विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी नीति-निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड के युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और विचारों के माध्यम से विकसित उत्तराखण्ड और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
