देहरादून: मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत भ्रमण पर निकले मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें कड़ी मेहनत, तकनीकी दक्षता और लक्ष्य पर फोकस के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक श्री विनोद कंडारी के नेतृत्व में सचिवालय पहुंचा।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि हर अभिभावक की इच्छा होती है कि उसके बच्चे जीवन में आगे बढ़ें और सफलता हासिल करें। विद्यार्थियों की उपलब्धियां उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर परिश्रम ही सबसे बड़ा साधन है। आज के दौर में तेजी से बदलती तकनीक के बीच स्वयं को लगातार अपडेट रखना और नई तकनीकों को सीखना भी आवश्यक है।

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और डिजिटल तकनीक के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक का सदुपयोग करें तथा इसके दुष्प्रभावों से बचें। उन्होंने नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से इससे दूर रहने और अपने निर्धारित लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक श्री विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सुश्री ज्योति यादव, श्री जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव श्रीमती नमामि बंसल तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं देवप्रयाग के मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
