October 8, 2026
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गंगोत्री में रेस्क्यू अभियान तेज, ट्रेकर्स व पोर्टरों को सुरक्षित निकाला गया
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गंगोत्री में रेस्क्यू अभियान तेज, ट्रेकर्स व पोर्टरों को सुरक्षित निकाला गया

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में गंगोत्री धाम क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान पूरी तत्परता के साथ जारी है। खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, वन विभाग, एसडीआरएफ, पुलिस तथा आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीमें ट्रेकर्स, पोर्टरों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगातार जुटी हुई हैं।

प्रशासन के अनुसार, चीड़बासा और भोजवासा में मौसम के कारण रुके अधिकांश पर्यटकों को गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मचारियों की सहायता से सुरक्षित गंगोत्री वापस लाया जा चुका है। संयुक्त टीमों ने समन्वित तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की और उन्हें आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई।

जिला प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील ट्रैकिंग मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा मौसम की स्थिति पर पल-पल नजर बनाए रखी गई है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बचाव दल और संसाधनों को भी तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूर्ण सतर्कता बरतने और प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रियों, ट्रेकर्स और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक ट्रैकिंग से बचें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *