मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के चलते उत्तराखंड की चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
अब तक श्री बदरीनाथ धाम में 18.10 लाख, श्री गंगोत्री धाम में 8.41 लाख, श्री यमुनोत्री धाम में 7.50 लाख से अधिक और श्री केदारनाथ धाम में 15.57 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
चारधाम यात्रा के कुल आंकड़ों की बात करें तो अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी। यात्रा के लिए अभी लगभग डेढ़ माह का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य और जनपद स्तर पर उच्चाधिकारी लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
वहीं, श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु श्री हेमकुंट साहिब के दर्शन कर चुके हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
