आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन तैयारियों के साथ संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों, व्यय संवेदनशील बूथों, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, मतदान केंद्रों की सुविधाओं, कार्मिक व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पिछली निर्वाचन प्रक्रिया के आंकड़ों एवं अनुभवों के आधार पर संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, फर्नीचर, छाया सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का पूर्व सत्यापन कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा। मतदान केंद्रों तक पहुंच और परिसर की स्थिति का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निवारक कार्रवाई को प्रभावी बनाने तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाकर इसे एक माह में पूरा करने को कहा गया।

उपजिलाधिकारियों को क्षेत्राधिकारियों और आबकारी निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सीमावर्ती तहसीलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में प्रतिमाह रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
बैठक में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला स्वीप कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के Manual on SVEEP-2024 के अनुरूप मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार कर विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कार्मिकों का विभागवार विस्तृत डाटाबेस तैयार रखने, श्रेणीवार उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मतदान और मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा करते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूरा करने और 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित प्रकरणों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में व्यय संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों एवं स्थानों के चिन्हीकरण, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, निवारक कानून-व्यवस्था कार्रवाई और फील्ड स्टाफ से प्राप्त सूचनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में एसएसपी सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
