October 7, 2026
पाबौ में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य-पोषण पर जोर
Latest देहरादून न्यूज

पाबौ में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य-पोषण पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के संकल्प के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड पाबौ के आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण और सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र प्रसाद थपलियाल ने 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं एवं किशोरियों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हरी सब्जियां, फल, मोटे अनाज और दालों को दैनिक भोजन में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन और खनिज तत्वों से युक्त आहार कुपोषण एवं एनीमिया को कम करने में सहायक है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी चन्द्रकान्ता काला ने कार्यक्रम में नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला पलाश एवं बाल पलाश योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा तीन पोषण किट और एक मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। जिला परिवीक्षा कार्यालय से प्रवीन कुमार ने वात्सल्य योजना तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया।

कार्यक्रम में उत्तम सिंह बिष्ट, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुमति सहित लाभार्थी प्रियंका, करिश्मा एवं कांति देवी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *