नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार नैनीताल में बैठक आयोजित की गई। आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कर ही कैंचीधाम आएं। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में 1,019 होम स्टे संचालित हैं, जिनमें करीब 20 हजार बेड की क्षमता उपलब्ध है। उन्होंने वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।

आयुक्त दीपक रावत ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। वहीं, मंदिर समिति को वीकेंड पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने और मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने को कहा।
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने नैनीताल और कैंचीधाम क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
