पौड़ी गढ़वाल। जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी एवं जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। महोत्सव में जनपद के सभी 15 विकासखंडों के युवा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी एवं नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

लोक संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना महोत्सव का उद्देश्य
कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड पोखड़ा के दल ने स्वागत गीत की प्रस्तुति से किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का एक सार्थक मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने, स्वरोजगार अपनाने और रोजगार पाने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने लोक संस्कृति के संरक्षण और पौड़ी को आदर्श जनपद बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं की कला और कौशल को सामने लाने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। वहीं, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने युवाओं से सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने, रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की।
महिला एवं युवक मंगल दलों को मिला विवेकानंद यूथ अवार्ड
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले दलों का विवरण इस प्रकार है।
महिला मंगल दल
- प्रथम स्थान: मासौं दल, विकासखंड पौड़ी
- द्वितीय स्थान: ग्वारी दल, विकासखंड थलीसैंण
- तृतीय स्थान: ताछला दल, विकासखंड यमकेश्वर
युवक मंगल दल
- प्रथम स्थान: नाद मल्ला दल, विकासखंड यमकेश्वर
- द्वितीय स्थान: बड़गांव मल्ला दल, विकासखंड पौड़ी
- तृतीय स्थान: बिथ्याणी दल, विकासखंड यमकेश्वर
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मनोहर चमोली, रेडक्रॉस जिला सचिव केसर सिंह असवाल और ओमपाल बिष्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, प्रतिभागी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
