गैरसैंण। उत्तराखंड के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में दो दिवसीय विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष ने सत्र की कम अवधि पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की मांग की।
कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के महत्वपूर्ण जनहित के सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और सदन में इन विषयों पर पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान विधानसभा के प्रवेश द्वार के पास कांग्रेस विधायकों ने धरना दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की की भी खबर सामने आई। कांग्रेस ने दो दिवसीय सत्र को प्रदेश की गंभीर समस्याओं पर चर्चा के लिए अपर्याप्त बताते हुए इसकी अवधि बढ़ाने की मांग की।
विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस के प्रदर्शन ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी। विपक्ष ने स्पष्ट किया कि बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे विषयों पर जवाबदेही की मांग जारी रहेगी।
