देहरादून/श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के पश्चात देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों एवं इंजीनियरों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर संवेदनशील स्थलों पर किए जा रहे उपचारात्मक कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें प्रदेश में आवागमन के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना और संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की सफलता उसकी गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता पर निर्भर करती है। संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उपचारात्मक कार्य प्रभावी और टिकाऊ हों। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
इंजीनियरों और श्रमिकों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर कार्य कर रहे इंजीनियरों एवं श्रमिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों और श्रमिकों के समर्पण, परिश्रम एवं दक्षता से ही विकास परियोजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से पूरा किया जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
मुख्यमंत्री धामी ने सड़क सुविधाओं को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार एवं उपचारात्मक कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
