देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की शिकायतों की जांच के लिए उत्तराखंड शासन ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल के आयुक्त करेंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय महानिदेशक के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक समिति श्री बदरीनाथ धाम में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट एवं संस्तुतियां शासन को सौंपेगी।
जांच के दौरान समिति आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ या संबंधित व्यक्ति का सहयोग एवं परामर्श ले सकेगी। इसके साथ ही समिति दान-चढ़ावा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी शासन को देगी।
राज्य सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
