बद्रीनाथ-जोशीमठ मार्ग पर बस के ब्रेक फेल, ITBP ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला
Latest देहरादून न्यूज

बद्रीनाथ-जोशीमठ मार्ग पर बस के ब्रेक फेल, ITBP ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

चमोली। बद्रीनाथ-जोशीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ धाम से हरिद्वार लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस के बिनाकुली गांव के पास अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस में झारखंड के श्रद्धालु सवार थे, जो भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे।

घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे बस किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। सूचना मिलते ही 23वीं वाहिनी आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

आईटीबीपी के जवानों ने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। जवानों की तत्परता और चालक की समझदारी के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और आईटीबीपी के जवानों के त्वरित एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ती यात्रा गतिविधियों के बीच यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *