बागेश्वर: मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जनपद बागेश्वर में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 30 जुलाई को बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र संभावित जोखिम को देखते हुए लिया गया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही नागरिकों से भी नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
