कोटद्वार। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, गढ़वाल के प्रथम सांसद एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय बलदेव सिंह आर्य जी की 114वीं जयंती को शिल्पकार गौरव दिवस के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शैलशिल्पी विकास संगठन द्वारा इन्विटेशन रेस्टोरेंट एंड कैफे, देवी रोड, कोटद्वार में किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रथम महापौर श्रीमती हेमलता नेगी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने स्व. बलदेव सिंह आर्य जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने कहा कि स्व. बलदेव सिंह आर्य जी का सम्पूर्ण जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय, समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर स्व. आर्य जी ने अपने अथक परिश्रम, दूरदर्शिता और समाजसेवा के बल पर गढ़वाल ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विशिष्ट पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि स्व. आर्य जी ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई तथा 1930-32 और 1942 के आंदोलनों में भाग लेकर जेल यातनाएं भी सहीं। सामाजिक समरसता स्थापित करने और शिल्पकार समाज को डोला-पालकी में बैठने का सामाजिक एवं कानूनी अधिकार दिलाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा।
श्री नेगी जी ने कहा कि स्व. बलदेव सिंह आर्य केवल राजनेता नहीं बल्कि समाज सुधारक, शिक्षाविद और कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज थे। हरिजन छात्रों की शिक्षा के लिए विद्यालय स्थापित कराने तथा समाज में समानता और सम्मान का वातावरण बनाने में उनकी भूमिका सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व महापौर श्रीमती हेमलता नेगी जी ने कहा कि स्व. बलदेव सिंह आर्य जी ने सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया तथा समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान दिलाने का कार्य किया। उनका जीवन सेवा, संघर्ष और समर्पण का संदेश देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुरेन्द्र लाल आर्य जी ने की। कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्री पी.एल. शाह, मदन शिल्पकार, सुखपाल शाह, श्रीमती मीना बछवाण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती गीता नेगी, श्रीमती गीता सिंह, श्रीमती प्रीति देवी, श्री गणेश नेगी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास आर्य, कोषाध्यक्ष श्री के.सी. निराला एवं महासचिव श्री सतीश प्रकाश द्वारा किया गया। मुख्य वक्ताओं में पूर्व सैनिक श्री शूरवीर सिंह खेतवाल, डॉ. बी.सी. शाह, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री एम.एल. भारती तथा अंबेडकर विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रमोद चौधरी शामिल रहे।
