देहरादून/चमोली। चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने डीएम चमोली और मंडलायुक्त गढ़वाल से स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव कार्यों और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से ग्रामीणों तक जरूरी सामग्री पहुंचाई जाए।
उन्होंने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और राहत एवं पुनर्व्यवस्था के कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए निचले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए।
घटना के बाद SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। SEOC से चमोली सहित प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्रों पर 24×7 नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि तमकनाला में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह बढ़ने से बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी मिली थी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत-बचाव के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और सड़क मार्ग की जल्द बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
