चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र का डीएम मयूर दीक्षित ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिया जोर
Latest राज्य

चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र का डीएम मयूर दीक्षित ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिया जोर

पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में मयूर दीक्षित ने हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए चारधाम यात्रा के ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण केंद्र पर समुचित और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान पंजीकरण प्रक्रिया, कतार व्यवस्था, पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

इस अवसर पर सुशील नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक ऑनलाइन माध्यम से 37,28,571 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर 1,94,172 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा चुका है।

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *