देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों, जनहित के मुद्दों तथा समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के समग्र एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार का उत्तराखंड को निरंतर सहयोग मिल रहा है, जिससे आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी, पर्यटन, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यों को गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य के समन्वित प्रयासों से विकास योजनाओं का प्रभाव सीधे प्रदेश के लोगों तक पहुंच रहा है। राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने भी प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर केंद्र और राज्य मिलकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
