मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचकर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में ₹993 लाख (₹9.93 करोड़) की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।

मानसून के दौरान शेर नाला के उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होता था। सड़क बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित पुल के शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
